संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत निर्वाचक पंजीयन अधिकारी कम एसडीएम अमित भारद्वाज ने गांव रोहणा, खरखौदा शहर, प्रहलादपुर, कड़ौली व सैदपुर में पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, सुपरवाइजरों, जन प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
एसडीएम ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिक अपने-अपने गणना प्रपत्र जल्द सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएं ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर एसआईआर कार्य पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करें। प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर निर्धारित समयावधि में सभी फॉर्म प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने सुपरवाइजरों को भी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने ग्रामीणों, सरपंचों, पंचों, नंबरदारों, ग्राम सचिवों, आशा वर्करों व शिक्षित युवाओं से आह्वान किया कि वे बीएलओ का सक्रिय सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि अपने गांव में प्रत्येक पात्र मतदाता को गणना प्रपत्र भरने और समय पर जमा करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों के सहयोग से ही मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।
इस दौरान बीएलओ को ईसीआईनेट एप एवं बीएलओ एप के माध्यम से सभी सूचनाओं का समयबद्ध डिजिटाइजेशन, ऑनलाइन अपडेट एवं रियल-टाइम रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।