फोटो : सोनीपत के गांव खेड़ी गुज्जर स्थित सिद्धपीठ सतकुंभा तीर्थ में सतकुंभा उत्सव उमड़ी श्रद्धा
गन्नौर। खेड़ी गुज्जर स्थित सिद्धपीठ सतकुंभा तीर्थ में आयोजित सात दिवसीय सतकुंभा उत्सव रविवार को रुद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं ने प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरा तीर्थ परिसर मंत्रोच्चार, भजन और जयकारों से गुंजायमान रहा। साथ ही पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने सतकुंभा तीर्थ स्थल पर पहुंचकर रूद्र महायज्ञ में पूर्ण आहुति दी। पीठाधीश्वर महंत राजेश स्वरूप महाराज ने शिव-पार्वती विवाह प्रसंग पर प्रवचन देते हुए कहा कि शिव तप, त्याग और वैराग्य के प्रतीक हैं जबकि माता पार्वती समर्पण, शक्ति और साधना की प्रतिमूर्ति हैं।
प्रतिभागी महिलाओं को महंत की ओर से कलश व प्रसाद भेंट किए गए। भजन सम्राट चैन सिंह चंचल ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।