सोनीपत। गांव बैंयापुर में शनिवार शाम को 12वीं की छात्रा ने घर में फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लिया और रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बैंयापुर निवासी वंशिका (17) गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ती थी। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उनके पिता मनोज ऑटो चलाकर परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। माता उर्मिला शनिवार शाम को दूध लेने घर से बाहर गई थी।
छोटे भाई व बहन बाहर गली में खेल रहे थे कि तभी वंशिका ने घर में स्वयं को अकेला पाकर फंदा लगा लिया। उर्मिला दूध लेकर घर लौटी तो घर के एक कमरे में बेटी वंशिका को फंदे पर लटका हुआ पाया। उसने अपने पति मनोज को फोन करके घटना से अवगत कराया।
मौके पर आकर सदर थाना पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। वंशिका ने फंदा क्यों लगाया, फिलहाल इस बारे में परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।