सोनीपत। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ की अपील पर हड़ताल पर गए अग्निशमन कर्मचारियों के समर्थन में डिपो कमेटी ने सरकार के खिलाफ 2 घंटे का प्रदर्शन करते हुए यातायात प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
डिपो कमेटी अध्यक्ष मंडल ने बताया कि सरकार अग्निशमन कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। गत दिनों फरीदाबाद केमिकल फैक्टरी में लगी आग बुझाते जिन दो कर्मचारियों ने अपनी जान गवां दी थी सरकार उन्हें शहीद का दर्जा दे। उनके परिवारों को मुआवजा व सरकारी नौकरी दे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान अग्निशमन गाड़ियों को चलाने के लिए जिन रोडवेज चालकों को भेजा गया है उनके पास अग्निशमन गाड़ी पर कार्य करने का अनुभव नहीं है। सोनीपत डिपो के एक चालक को अग्निशमन वाहन से गिरने के कारण काफी चोटें आई हैं।
सरकार रोडवेज विभाग के सभी चालकों को अग्निशमन वाहनों से वापस बुलाए। समय रहते हड़ताल पर गए कर्मचारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकाले। मंडल ने कहा कि अगर सरकार समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं निकालती है तो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा आंदोलन करेगा।