सोनीपत। अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर एंड हेल्पर यूनियन संबंधित सीटू की जिला इकाई के सदस्य सोमवार को समाधान शिविर में पहुंचकर डीसी से मिले। उन्होंने डीसी के सामने अपनी समस्या और मांगों को रखा।
उन्होंने बताया कि यूनियन पर पहले से काम का बोझ है। ऐसे में प्रशासन की ओर से आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर की ड्यूटी निर्वाचन आयोग के तहत बीएलओ की लगा दी गई है। इससे उनमें नाराजगी पाई जा रही है।
विज्ञापन
उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार से मांग की कि आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर की ड्यूटी निर्वाचन आयोग के तहत न लगाई जाए। इसके बाद भी अगर ऐसा किया गया तो यूनियन डीसी कार्यालय पर धरना शुरू करेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर के पास बहुत सारे अतिरिक्त काम हैं। बहुत सारे रजिस्टर मेंटेन करने पड़ते हैं। ऑनलाइन काम करना पड़ता है जबकि प्रदेश सरकार ने भी लेटर जारी कर इलेक्शन कमीशन में बीएलओ की ड्यूटी से मना किया हुआ है।
इस मौके पर सीटू नेता सिल्क राम मलिक व सरधानंद सोलंकी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने इस मौके पर सीटीएम से भी बातचीत की। सीटीएम ने भरोसा दिलाया की इन सबकी ड्यूटी नजदीकी बूथ केंद्र पर लगा दी जाएगी।