सोनीपत के यमुना क्षेत्र में अवैध खनन के लिए बनाए गए रास्तों को उखाड़ती पोकलैंड मशीन। स्रोत : सू
- फोटो : कृषि मंडी में गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी से जानकारी लेते डीएम सीपी सिंह। विभाग
सोनीपत। एसडीएम सुभाष चंद्र ने अधिकारियों के साथ यमुना क्षेत्र का दौरा कर वहां अवैध खनन के लिए बनाए गए रास्तों को पोकलैंड मशीन से उखड़वा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर क्षेत्र का दौरा कर अवैध खनन के लिए बनाए गए रास्तों को उखाड़ने के साथ अवैध रूप से रास्ता बनाने वालों पर कार्रवाई करें।
एसडीएम ने बताया कि हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की टीम ने गांव मेहंदीपुर में अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर मुरथल थाना भेजा है। अवैध खनन पर अंकुश लगाने व इसमें संलिप्त लोगों से निपटने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है। इसमें जिला खनन अधिकारी, मोटर व्हीकल अधिकारी (क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी), जिला आबकारी एवं कराधान विभाग व प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी शामिल हैं। मॉनिटरिंग के लिए अलग-अलग स्तर पर टीमें सातों दिन 24 घंटे कार्यरत हैं।
अगर कहीं भी अवैध खनन हो रहा है तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के व्हाट्सएप नंबर 9878380112 पर दें। इस नंबर पर लोकेशन व वीडियो बनाकर भी भेज सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।