सोनीपत के हलका राई में खस्ताहाल सड़क। संवाद
सोनीपत। जिले की छह सड़कों का करीब 4.18 करोड़ रुपये से नवीनीकरण किया जाएगा। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) की ओर से हलका राई के तहत आने वाली इन सड़कों का नवीनीकरण करवाया जाएगा। मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों के सुधार के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सड़कों का नवीनीकरण होने से वाहन चालकों के साथ ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। फिलहाल खस्ताहाल सड़कों के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हलका राई के तहत आने वाली गांव किशोरा फिरनी से किशोरा स्कूल, कुमासपुर से नांदनौर, मेहंदीपुर से दीपालपुर वाया कुमासपुर तक तीनों सड़कों का नवीनीकरण करीब 2 करोड़ 72 लाख 77 हजार 776 रुपये से करवाया जाएगा। इसके अलावा जाखौली से खेवड़ा, जाखौली, झुंडपुर से पाबसरा रोड व नाथूपुर से पीतमपुरा तक तीन सड़कों की मरम्मत करीब 1 करोड़ 45 लाख 99 हजार 675 रुपये में होगा। मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों के नवीनीकरण के लिए 22 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है।
करीब 12 गांवों को जोड़ने वाली इन सड़कों से रोजाना काफी वाहन चालकों व ग्रामीणों का आना-जाना रहता है। सड़कों की खस्ताहालत को लेकर ग्रामीण काफी समय से इनके सुधार की मांग कर रहे थे। लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों की समस्या को देखते हुए मार्केटिंग बोर्ड ने सड़कों का बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा था, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर के बाद अलॉटमेंट मिलते ही मार्केटिंग बोर्ड की ओर से सड़कों की मरम्मत शुरू की जाएगी।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के तहत आने वाली राई की छह सड़काें का बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा गया था। मुख्यालय ने सड़कों के नवीनीकरण के लिए तैयार बजट को मंजूरी दे दी है। मार्केटिंग बोर्ड ने 22 अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद मुख्यालय से अलॉटमेंट होने के बाद सड़कों का नवीनीकरण शुरू करवा दिया जाएगा। लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। -बिजेंद्र हुड्डा, उपमंडल अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड, सोनीपत।