फोटो: सेक्टर 15 स्थित एचएसवीपी कार्यालय गेट पर रोष प्रदर्शन करते जन स्वास्थ्य कर्मचारी। स्रोत:
सोनीपत। हुडा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की जिला कमेटी का धरना, रोष प्रदर्शन शुक्रवार को भी सेक्टर 15 स्थित एचएसवीपी कार्यालय गेट पर जारी रहा। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान सुरेंद्र सिंह व जिला चेयरमैन राकेश त्यागी ने की।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आरके नागर ने बताया कि एचएसवीपी के दोनों डिविजनों में अब तक किसी कार्यकारी अभियंता ने ट्रांसफर होने के बाद नियुक्ति नहीं ली है। इसलिए सोनीपत के रेगुलर और कौशल रोजगार निगम कर्मचारी अथवा कच्चे कर्मचारियों का वेतन नहीं मिला है।
सोनीपत डिवीजन में किसी कार्यकारी अभियंता के नहीं होने के कारण अभी तक जॉब सिक्योरिटी पत्र जारी करने व नए पद स्वीकृति के लिए मुख्यालय को केस नहीं भेजा गया है। जबकि मुख्य सचिव हरियाणा और एचआरडी के लेटर अनुसार 15 मई अंतिम तिथि निश्चित की हुई है। इसलिए दुखी और परेशान कच्चे व पक्के और कौशल रोजगार निगम कर्मचारी मजबूर होकर दो दिन से धरना देकर रोष प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोनों मांगें 15 मई तक नहीं मानी गईं तो एचएसवीपी के सभी सेक्टरों की पेयजल सप्लाई और सीवर ठप कर हड़ताल की जाएगी।