सोनीपत। पुलिस का नया साल बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ से शुरू हुई तो वह सिलसिला आए दिन ही चल रहा है। एक जनवरी के बाद से अब तक चौथी बार पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है। खास बात यह है कि महज पांच दिन के भीतर खाकी की तीन बार अपराधियों से सामना हो चुका है। रविवार सुबह मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हुए अंकति रिढाऊ पर 17 मामले दर्ज हैं।
नववर्ष के पहले दिन मुरथल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर सीआईए कुंडली और हत्यारोपियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर ईदगाह कॉलोनी के समीर के पैर में गोली लगी थी तो उसके भाई साजिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दोनों ने अवैध संबंध में अपने ही साढ़ू की हत्या कर शव जला दिया था।
इसके बाद 14 जनवरी की आधी रात को डाका डालने व हत्या करने के आरोपी मूलरूप से नाहरा हॉल नरेला के डीडीए फ्लैट निवासी शेखर और उसके दोस्त जेजे कॉलोनी बवाना के शफीक को मुठभेड़ में पकड़ा गया था। मुठभेड़ में शेखर व शफीक के पैर में गोली लगी थी। उनके साथी सद्दाम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
मुठभेड़ के करीब 24 घंटे बाद ही 15 जनवरी की आधी रात को खरखौदा के सांपला बाईपास पर एसटीएफ सोनीपत और इनामी हत्यारोपी रेवाड़ी के गोकलगढ़ निवासी अनुज उर्फ डॉक्टर के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें आरोपी के पैर में गोली लगी थी।
अब 18 जनवरी को सुबह साढ़े छह बजे सीआईए-1 और अंकित रिढाऊ के बीच मुठभेड़ हुई है। अंकित के दोनों पैरों में गोली लगी है। अंकित को खरखौदा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर कलां रेफर कर दिया गया है।
आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने पूर्व टोल मैनेजर को गवाही देने से रोकने के लिए अपने साथी भेजकर उसके हाथ-पैर तुड़वाए थे।
अंकित पर हत्या की कोशिश के नौ मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अंकित रिढाऊ पर विभिन्न थानों में 17 मामले दर्ज हैं। इनमें नौ मामले हत्या की कोशिश के हैं। 17 मामलों में रविवार को दर्ज हुआ पुलिस पर जानलेवा हमले का मामला भी शामिल है।
इन थानों में दर्ज है केस
अंकित के खिलाफ खरखौदा थाने में मारपीट और धमकी देने के साथ पुलिस टीम पर हमला करने की एफआईआर दर्ज है। वहीं, सदर थाना सोनीपत में चोरी, मारपीट व धमकी देने, मादक पदार्थ तस्करी की एफआईआर दर्ज है। सिविल लाइन थाना सोनीपत में हत्या की कोशिश, सदर थाना गोहाना में हत्या की कोशिश, झज्जर के बेरी थाना में चोरी, थाना शहर सोनीपत में हत्या की कोशिश, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम की चार एफआईआर दर्ज हैं। मोहाना थाना में जानलेवा हमला करने और मुरथल थाना में लूटपाट व गवाह को धमकी देने की एफआईआर दर्ज है।
टोल मैनेजर के हाथ-पैर तोड़ने के आरोपी हत्थे चढ़े
टोल मैनेजर पंजाब के जिला होशियारपुर के गांव बुव कालूवहार हॉल ओडिशा निवासी दीदार सिंह पर 17 दिसंबर, 2025 को जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट (एसएयूजी) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पानीपत के गांव डाहर निवासी अमित उर्फ मित्ता और शुभम उर्फ तिनका हैं। पुलिस ने उनको दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोप है कि अंकित रिढाऊ के कहने पर दोनों ने शनि मंदिर के पास ऑटो से नीचे उतारकर दीदार सिंह के हाथ-पैर तोड़ दिए थे।
फोटो :22: सोनीपत के गांव सोहटी के पास हुई मुठभेड़ के बाद जांच करती फॉरेंसिक लैब एक्सपर्ट व पुलि