फोटो 33: सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली चौक पर सब्जी मंडी के पास लगा विज्ञापन बोर्ड का खंभा जो धंस
खरखौदा। शहर की सड़कों पर लगाए गए नगरपालिका के विज्ञापन बोर्ड जानलेवा साबित हो सकते हैं। सब्जी मंडी के पास व्यस्त मार्ग पर लगाया गया विज्ञापन बोर्ड का खंभा हाल ही में धंस गया है। यह स्थिति न केवल आसपास से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा है, बल्कि बड़ी दुर्घटना को भी न्योता दे रही है। यदि यह खंभा गिरता है तो इसकी चपेट में आने से किसी की जान भी जा सकती है।
नगरपालिका ने हाल ही में शहरभर में विज्ञापन बोर्ड लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की थी। इसके तहत अलग-अलग स्थानों पर नए बोर्ड लगाए गए हैं। कई जगहों पर इन बोर्डों को बिना मजबूत आधार के खड़ा कर दिया गया है। सब्जी मंडी के पास का मामला इसका एक उदाहरण है, जहां बोर्ड का खंभा आधे से ज्यादा जमीन में धंस चुका है और झुका हुआ नजर आ रहा है।
स्थानीय दुकानदार अमन, राज कुमार, सुमित, ओम, राहगीर नरेश, कमल, राजेंद्र, सोमनाथ का कहना है कि इस मार्ग से दिनभर में हजारों लोग गुजरते हैं। यदि समय रहते इस खंभे को नहीं हटाया गया तो यह बड़ा हादसा बन सकता है। इस पूरे मामले में नगर पालिका की लापरवाही सामने आ रही है। टेंडर देने के बाद क्या इन बोर्डों की गुणवत्ता की जांच की गई? यह बड़ा सवाल है। शहरवासियों की मांग है कि नपा तत्काल प्रभाव से सभी बोर्डों की जांच कराए और जहां भी खतरा नजर आए, वहां से उन्हें हटाया जाए।
मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं आया है। पोल की जांच करवाकर उसे ठीक करवाने के लिए संबंधित ठेकेदार को कहा जाएगा और अन्य विज्ञापन बोर्ड के खंभों की भी जांच करवाई जाएगी। जिससे इनके कारण कोई हादसा न हो। -बृजेश हुड्डा, सहायक अभियंता, नगरपालिका
फोटो 33: सोनीपत के खरखौदा में दिल्ली चौक पर सब्जी मंडी के पास लगा विज्ञापन बोर्ड का खंभा जो धंस