फोटो 35: सोनीपत के गन्नौर स्थित न्यू बसंत विहार में सीवर लाइन डालने के लिए रुकवाया गया गली निर
गन्नौर। न्यू बसंत विहार में लंबे समय से सीवर लाइन लीकेज की समस्या झेल रहे लोगों ने अब खुद ही इसकी स्थायी समाधान की जिम्मेदारी उठा ली है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अनुमति लेकर अपने खर्चे पर नई लाइन डालने का फैसला किया है। लगातार बहते सीवर के गंदे पानी से परेशान लोगों ने आपस में पैसे इकट्ठा करना शुरू कर दिया है और जल्द ही कार्य शुरू कराने की योजना बना ली है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गली के कई हिस्सों में सीवर लाइन जगह-जगह से लीक हो चुकी है, जिससे मकानों की नींव कमजोर हो रही है। अभी नगरपालिका की ओर से गली का निर्माण किया जाजाना, गली उखड़ी हुई है। यदि गली बनने से पहले सीवर लाइन व्यवस्था दुरुस्त हो जाए तो सरकारी पैसे बर्बाद नहीं होंगे, इसी के चलते उन्होंने गली निर्माण का काम अभी रुकवा रखा है। इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग और स्थानीय विधायक कार्यालय में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन हर बार सिर्फ खानापूर्ति कर मामला टाला जा रहा है। हर बार जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कुछ जगहों पर लीकेज ठीक कर लौट जाते हैं, जिससे फिर बार-बार लीकेज हो जाती है। जब अधिकारियों से नए सिरे से लाइन डालने की मांग की जाती है तो अधिकारी विभाग के पास रुपये न होने का रोना रोते हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि अब वे सरकारी तंत्र से उम्मीद छोड़ चुके हैं। इसलिए उन्होंने आपस में पैसे इकट्ठा कर नई सीवर लाइन डलवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रशासन से जरूरी अनुमति ली जाएगी, ताकि तकनीकी अड़चनों का सामना न करना पड़े। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। अब वह खुद अपने दम पर इस समस्या का समाधान करेंगे।