शहर के सोनीपत रोड स्थित टी प्वाइंट पर कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई और उसका बेटा व भाई घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल गोहाना से बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। शहर थाना गोहाना में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खेड़ी दमकन के शमशेर सेना से सेवानिवृत्त हैं। वीरवार रात शमशेर के पिता इंद्र सिंह (75) की तबीयत खराब हो गई। शमशेर व उनके चाचा महेंद्र सिंह बाइक पर इंद्र सिंह को नागरिक अस्पताल गोहाना लेकर आ रहे थे। शमशेर बाइक चला रहे थे और इंद्र सिंह को पकड़कर महेंद्र सिंह पीछे बैठे थे। रात करीब 11 बजे जब वह सोनीपत रोड के टी प्वाइंट पर पहुंचे तो कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों बाइक समेत रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक टैंकर लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने शमशेर, इंद्र सिंह व महेंद्र को नागरिक अस्पताल गोहाना में पहुंचाया। वहां पर इंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया गया और शमशेर व महेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।