पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों को 3 दिसंबर को शपथ दिलवाई जाएगी। नवनिर्वाचित सरपंच व पंच को संबंधित गांव के ग्राम सचिवालय, स्कूल या फिर अन्य सार्वजनिक स्थल पर शपथ दिलाई जानी है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह में जाने से इंकार कर दिया है। एसोसिएशन से जुड़े जिन चिकित्सकों की गांव में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में लगाई है, वहां चिकित्सक अब ग्राम संरक्षक की भूमिका नहीं निभाएंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 1 नवंबर 2021 को गांवों के विकास के लिए हरियाणा पंचायत संरक्षक योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत प्रथम श्रेणी अधिकारियों को ग्राम पंचायत के संरक्षक की भूमिका की जिम्मेदारी सौंप रखी है। ग्राम संरक्षक के रूप प्रथम श्रेणी अधिकारियों को हर गांव में ग्रामीण विकास के लिए योजनाएं लागू करने में आ रही परेशानियों की जानकारी सरकार तक पहुंचानी है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. राहुल आंतिल व कोषाध्यक्ष डॉ. प्यारेलाल ने बताया कि ग्राम संरक्षक बनने के लिए पहले ही सरकार को अवगत करा दिया गया था। इस संबंध में हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की 3 अप्रैल को हुई बैठक में ग्राम संरक्षक की भूमिका न निभाने का फैसला लिया गया था।
उपायुक्त ललित सिवाच ने बताया कि ग्राम स्तर पर नवनिर्वाचित सरपंचों व पंचों को ग्राम संरक्षक की ओर से शपथ दिलाई जाएगी। जहां पर ग्राम संरक्षक उपलब्ध नहीं है, वहां पर पंच व सरपंचों को सरकारी विद्यालय के प्राचार्य या अन्य राजपत्रित अधिकारी शपथ दिलवाएंगे। खंड स्तर पर पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलवाने के लिए एचसीएस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला परिषद् के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए शपथ समारोह का आयोजन लघु सचिवालय के तृतीय तल स्थित कांफ्रेंस हॉल में किया जाएगा, जहां उपायुक्त ललित सिवाच स्वयं नव-निर्वाचित जिला परिषद के सदस्यों को शपथ दिलवाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह को मुख्यमंत्री मनोहर लाल और विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।