खरखौदा। शहर के मटिंडू मार्ग पर किए जा रहे नाला निर्माण के दौरान नाले से दूषित पानी की निकासी करने के लिए चोरी की बिजली का प्रयोग हो रहा था। जिसे बिजली निगम की टीम ने मौके पर जाकर पकड़ा और सबूत के तौर पर बिजली की तार व सबमर्सिबल मोटर को कब्जे में ले लिया।
वीरवार को भी टीम मौके पर पहुंची थी और मौके से एक मोटर को जब्त कर लेकर आई थी, वहीं भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी भी दी थी। लेकिन शुक्रवार को फिर से ऐसा ही होता मिला। नगरपालिका की तरफ से इन दिनों शहर के मटिंडू मार्ग पर नाले का निर्माण करवाया जा रहा है। जर्जर व खस्ता हाल नाले को तोड़कर इसे अब कंक्रीट का बनाया जा रहा है।
ऐसे में नाले में जो पानी भरा हुआ है उसे दूसरे नाले में डालने के लिए पंप सेट लगाए गए हैं, जिन्हें चलाने के लिए साथ लगते बिजली के खंभों पर से चोरी की बिजली ली जा रही थी। बिजली निगम को इसकी सूचना मिली तो जेई मंजीत की अगुवाई में एक टीम मटिंडू मार्ग पहुंची और वीरवार शाम को मौके पर मोटर को कब्जे में लेकर चेतावनी देते हुए लौट गई।
लेकिन शुक्रवार टीम ने फिर से मौके का दौरा किया तो पहले से भी बड़ी मोटर नाले से पानी निकाल रही थी, जबकि उस मोटर को भी चोरी की बिजली से ही चलाया जा रहा था। ऐसे में बिजली निगम की टीम ने तार व सबमर्सिबल की मोटर को जब्त कर लिया। अब टीम की तरफ से संबंधित के खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
चोरी की बिजली से पंप चलाने की सूचना मिली थी। वीरवार को टीम भेजकर मौके की जांच कराई गई, तो मोटर चलती मिली। जिसे जब्त कराया गया। वहीं आज फिर से बिजली चोरी कर वहीं पर बड़ी मोटर चलाई जा रही थी। इस बिजली चोरी के मामले में अब संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
- रवि कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, खरखौदा