फोटो 24: सोनीपत के गन्नौर में नपा अधिकारियों को अत्याधुनिक हाइड्रोलिक स्वीपिंग ट्रैक्टर भेंट क
गन्नौर। दीपावली के अवसर पर विधायक देवेंद्र कादियान ने शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश देते हुए नगर पालिका को तीन अत्याधुनिक हाईड्रोलिक स्वीपिंग ट्रैक्टर भेंट किए। यह ट्रैक्टर देवा सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से नगर पालिका को सौंपे गए हैं। इन ट्रैक्टरों के रखरखाव का पूरा खर्च सोसाइटी वहन करेगी।
विधायक ने बताया कि नगर पालिका के संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। सफाई व्यवस्था और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनेगी। इन मशीनों की मदद से अब शहर की सड़कों की सफाई मशीनरी के माध्यम से की जाएगी। ट्रैक्टरों में लगा हाई सक्शन सिस्टम धूल और कचरे को खींच लेगा।
साथ ही इनसे सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया जाएगा जिससे धूल उड़ने की समस्या खत्म होगी। इससे गन्नौर शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
विधायक ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम है। उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को हिदायत दी कि इन ट्रैक्टरों का सदुपयोग किया जाए और नियमित रूप से शहर की मुख्य सड़कों की सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नगरपालिका के सफाई कर्मियों को भी उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अंकित मल्हौत्रा, पार्षद दिनेश अदलखा, अजय सरोहा, सतबीर शर्मा, नपा सचिव प्रदीप खर्ब, कनिष्ठ अभियंता अरविंद आदि मौजूद रहे।