फोटो: सोनीपत के खाटू धाम परिसर में भगवान गोवर्धन की पूजा अर्चना करते मेयर राजीव जैन व शहरवासी।
सोनीपत। मेयर राजीव जैन ने सोमवार को आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
भगवान महावीर के निर्वाण दिवस पर मेयर राजीव जैन अपनी पत्नी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन के साथ सेक्टर-15 स्थित दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महावीर की पूजा-अर्चना की और निर्वाण लाडू अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान महावीर के सत्य, अहिंसा, त्याग और संयम के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इसके पश्चात मेयर ककरोई रोड स्थित भगवान श्री विश्वकर्मा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने वास्तुकला एवं शिल्पकला के देवता भगवान श्री विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। वहीं, खाटू श्याम मंदिर सोनीपत धाम में आयोजित गोवर्धन पूजा के अवसर पर भी मेयर राजीव जैन पहुंचे और भंडारे में श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर मेयर जैन ने कहा कि गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गोधन की पूजा की जाती है। इस पर्व को अन्नकूट के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हमें आपसी भाईचारे, सद्भाव, सेवा और मानवता का संदेश देते हैं। भगवान महावीर के अहिंसा एवं सत्य के सिद्धांत, भगवान विश्वकर्मा की कर्म एवं सृजन की प्रेरणा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रकृति संरक्षण के संदेश को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।