हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी। संवाद
- फोटो : Sonipat
नंदी चौक के पास एसएम हिंदू स्कूल के गेट के सामने युवक की चाकू से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से गांव दुभेटा फिलहाल इंडियन कॉलोनी का रहने वाला अर्जुन है। उसने नशा मिलने का ठिकाना नहीं बताने पर वारदात को अंजाम देना कुबूल किया है। पुलिस ने उससे चाकू बरामद कर लिया है।
श्याम नगर के रहने वाले अमन ने 24 मार्च को सिटी थाना पुलिस को बताया था कि उसका बड़ा भाई सोनू उर्फ शिव (25) ढोल बजाने के साथ सफाई का काम करता था। वह 23 मार्च की रात को खाना खाकर बाहर घूमने गया था। एसएम हिंदू स्कूल के गेट के पास मूलरूप से गांव दुभेटा व फिलहाल इंडियन कॉलोनी के रहने वाले अर्जुन और आर्य नगर काठ मंडी के प्रदीप ने उसे चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया था। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वजीर सिंह की टीम ने अब मुख्य आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। उससे वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। अर्जुन ने पुलिस को बताया कि सोनू को नशा मिलने के ठिकाने के बारे में पता था। वह उन्हें इसकी जानकारी नहीं दे रहा था। इसी बात को कहासुनी होने पर उन्होंने हमला कर दिया था।