सोनीपत। नागरिक अस्पताल में चार दिन से लिफ्ट खराब होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी हो रही है। चार दिन पहले लिफ्ट अचानक बंद हो गई थी जिससे मरीजों को अस्पताल की ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों और रैंप का सहारा लेना पड़ रहा है।
अस्पताल में प्रथम व द्वितीय तल पर सर्जिकल वार्ड, मेडिकल वार्ड और डायलिसिस सेंटर जैसे महत्वपूर्ण विभाग स्थित हैं। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है जिससे गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर के सहारे ऊपर ले जाना तीमारदारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट ऑपरेटर तैनात किया गया है, लेकिन मशीनरी में आई तकनीकी खामी ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से मांग की है कि लिफ्ट को जल्द दुरुस्त किया जाए और भविष्य में ऐसी तकनीकी खामियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि मरीजों को इस तरह की परेशानियों से न गुजरना पड़े।
वर्जन
लिफ्ट खराब होने का मामला संज्ञान में आने के तुरंत बाद लिफ्ट की देखरेख करने वाली कंपनी को अवगत करवाया गया है। जल्द ही इंजीनियर के आने के बाद लिफ्ट को ठीक कराया जाएगा। -डाॅ. संदीप लठवाल, उप चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल।