फोटो 21- सोनीपत के सेक्टर-14 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करते विद्यार्थी।
सोनीपत। शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी 420 प्राथमिक विद्यालयाें में 29-30 दिसंबर को विद्यार्थियों का सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट से ज्ञान परखा जाएगा। दो दिन कक्षा पहली से तीसरी तक के कुल 21,689 विद्यार्थियों का हिंदी व गणित विषय पर आकलन (सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट) लिया जाएगा।
टीम में गठित शिक्षक अलग-अलग विद्यालयों में विद्यार्थियों का आकलन करेंगे ताकि ग्रेड में सुधार लाया जा सके। हर 30 विद्यार्थियों पर एक-एक पीजीटी व टीजीटी की नियुक्ति की गई है।
बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के जिला समन्वयक मनोज वर्मा ने बताया कि विद्यार्थियाें के शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के लिए 29-30 दिसंबर को दूसरे चरण में कक्षा पहली से तीसरी के विद्यार्थियाें का हिंदी व गणित विषय पर सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट करवाया जाएगा।
सेंसस असेसमेंट का उद्देश्य विद्यार्थियाें की सीखने की क्षमता का आकलन करना है। असेसमेंट में कक्षा पहली के 6859, दूसरी के 7191 व तीसरी के 7639 विद्यार्थी शामिल होंगे। टीम के सदस्य प्रत्येक कक्षा में जाकर शिक्षक के मोबाइल पर निपुण टीचर एप लाॅगइन व अपडेट करवाकर विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करवाएगा। साथ ही विद्यार्थियों से कुछ सवाल किए जाएंगे, जिसका जवाब एप पर डालना होगा।
निपुण टीचर एप कक्षानुसार विद्यार्थियों का विवरण गलत मिलने पर संबंधित बीआरपी व एबीआरसी, तकनीकी खामी मिलने पर जिला एफएलएन समन्वयक को जानकारी देना अनिवार्य रहेगा। सभी बीआरपी व एबीआरसी को अपने ब्लॉक व 70 क्लस्टर को विद्यालयों की आकलन संबंधी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।