सोनीपत। प्रेमी के हाथों नाबालिग बेटी ने पिता की हत्या कराकर रिश्तों को शर्मसार कर दिया था। साजिश का खुलासा करने के बाद पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले प्रेमी व उसके साथी को गिरफ्तार कर उनको चार दिन की रिमांड पर लिया है।
वीरवार को रिमांड पूरा हो जाएगा। पुलिस ने तीन दिन की पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। कुंडली थाना क्षेत्र में 30 जुलाई को छतेहरा निवासी आशीष के खेत में खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव मिला था। पत्थर से प्रहार कर एवं चाकुओं के वार से उसकी हत्या की थी।
दो दिन बाद शव की पहचान 38 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई। कुलदीप अकबरपुर बारोटा गांव के निवासी थे। पुलिस ने मामले में सबूत जुटाए और जांच को आगे बढ़ाया गया तो पता चला कि नाबालिग बेटी ने हत्या की साजिश रची। उसके प्रेमी गांव बारोटा के सुमित ने अपने दोस्त जसविंद्र उर्फ जस्सी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
नाबालिग बेटी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया जबकि उसके प्रेमी सुमित व जसविंद्र को रिमांड पर लिया गया था। चार दिन की रिमांड के दौरान पुलिस ने हत्या से जुड़े अहम साक्ष्य संकलित कर लिए हैं। घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, पत्थर के अलावा पुलिस ने आरोपियों के दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।