साेनीपत। मौसम दूसरे दिन भी परिवर्तनशील बना रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। हवा नहीं चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। शाम करीब 6 बजे घने काले बादल छाए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। ठंडी हवा चलने और बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि बूंदाबांदी का दौर कुछ देर ही रहा। मौसम विशेषज्ञों ने सप्ताह के अंत तक बारिश होने के आसार जताए हैं।
कुछ दिनों से लोगों भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार से ही मौसम में परिवर्तन शुरू हो गया था। बुधवार को भी दिन भर सूरज का बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा। शाम को बूंदाबांदी होने के बाद ही लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। मौसम में आए परिवर्तन से किसानों ने भी राहत की सांस ली है। किसानों का कहना है कि अब धान रोपाई के काम में तेजी आएगी। बारिश के बाद जिले का अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राई में भी जमकर बरसे मेघ
सोनीपत शहर व खरखौदा में बूंदाबांदी हुई तो अन्य स्थानों पर मेघ जमकर बरसे। शाम 6 बजे तक गन्नौर व खानपुर कलां में 17-17 एमएम व गोहाना में 14 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं राई क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई।
बूंदाबांदी के बाद चली तेज हवा, मौसम हुआ सुहाना
गोहाना। शहर में लगातार दूसरे दिन दोपहर बाद अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई और ठंडी हवाएं चलने लगी, जिससे मौसम सुहाना हो गया। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह से लोग गर्मी से परेशान थे, दोपहर को बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। गोहाना शहर व खानपुर क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। शाम को फिर उमस भरी गर्मी ने लोगों की पेरशानी बढ़ा दी थी।
मौसम में आए परिवर्तन के बाद कहीं तेज तो कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई है। सप्ताह के अंत तक बारिश होने के आसार बने हुए हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
डॉ. प्रेमदीप, मौसम विशेषज्ञ
फोटो 35- मॉडल टाउन के 8 मरला में सड़क पर बूंदाबांदी के बीच स्कूटी पर जाती युवती। संवाद