सोनीपत। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) के कार्यालय में घुसकर हंगामा करने व मारपीट के मामले में नामजद युवती ने भी पुलिस को शिकायत दी है। युवती की तरफ से डीएफएससी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है। वहीं मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन प्रधान परविंदर खत्री ने हमले की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
डीएफएससी हरवीर सिंह ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि सोमवार को वह अपने कार्यालय में थे। तभी दो युवतियां राशन कार्ड व परिवार पहचान पत्र को लेकर जानकारी लेने उनके कार्यालय में आई थीं। आरोप है कि एक युवती ने उनकी मेज को धक्का मारकर पानी का ग्लास, फोन व अन्य सामान फर्श पर गिरा दिया था। उन्होंने युवती पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। डीएफएससी ने षड्यंत्र के तहत हमले का आरोप लगाया था। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, सरकारी अधिकारी से गलत व्यवहार करने का मुकदमा दर्ज कर रखा है। वहीं मामले में युवती की तरफ से भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। बताया जा रहा है कि युवती ने अभद्रता का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस जांच कर रही है।
डीएफएससी की तरफ से दर्ज मुकदमे में जांच की जा रही है। मामले में युवती की तरफ से अभद्रता की शिकायत दी गई थी। जिस पर भी जांच कर रहे हैं। मामले में निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। युवतियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
- राहुल देव, एसीपी सोनीपत