सोनीपत। जिले के 44 विशेष प्रशिक्षण केंद्रों (स्पेशल ट्रेनिंग सेंटरों) के माध्यम से 1122 बच्चों का भविष्य संवारा जाएगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से किसी कारणवश स्कूल नहीं जा पाने वाले बच्चों के प्रशिक्षण केंद्रों का शुभारंभ किया गया है। इन केंद्रों पर बच्चों को 6 माह प्रशिक्षण देकर ओपन स्कूली योजना के माध्यम से परीक्षा दिलवाई जाएगी।
विभाग की ओर से 6 से 14 साल तक की आयु के इन बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण से पूर्व सोमवार को मॉडल टाउन स्थित बीआरसी हॉल में शिक्षा प्रेरकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविर में जिला परियोजना संयोजक सुजाता खत्री, खंड शिक्षा अधिकारी सूरजभान, सहायक परियोजना समन्वयक डॉ. अतर सिंह, अमित भनवाला, एओ सुनील दहिया, जिला तकनीकी समन्वयक सागर शर्मा, रणजीत कुंडू, सीमा, मास्टर ट्रेनर अमित कुमार, भीम सिंह व अंबाला मंडल ने रोहित कुमार ने शिक्षा प्रेरकों को प्रशिक्षण दिया।
शिविर के दौरान ही शिक्षा प्रेरकों को प्रबंधन पोर्टल पर डाटा अपडेट करना, टूल किट, स्टेशनरी वितरण, मुख्य स्क्रीनिंग, विषय अनुसार गतिविधियों संबंधी जानकारी दी जाएगी। इसके बाद शिक्षा प्रेरक चयनित किए गए 597 लड़कों व 525 लड़कियाें को प्रशिक्षण देकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाएंगे।
किस ब्लॉक में कितने सेंटर व बच्चे
खंड सेंटर चयनित बच्चे
सोनीपत 16 356
राई 17 494
गन्नौर 07 171
गोहाना 04 71
खरखौदा 01 30
केंद्रों पर बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए विभिन्न खंड के 44 उच्च शिक्षा प्राप्त शिक्षा प्रेरकों का चयन किया गया है। शिक्षा प्रेरकों को तीन दिन संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिर शिक्षा प्रेरक परिषद के नियमानुसार बच्चों का मार्गदर्शन कर सकेंगे। -सुजाता खत्री, जिला परियोजना संयोजक, सोनीपत।