फोटो :29: सोनीपत के गांव कुमासपुर में गोली मारने से घायल युवक नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन। संव
सोनीपत। गांव कमासपुर में मंगलवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई जब एचडीएफसी बैंक के पास एक युवक को कार सवार हमलावर ने गोली मार दी। हमलावर घर से कार को बाहर निकाल रहा था। अचानक पहले हवाई फायर किया और फिर युवक के हाथ में गोली मारकर भाग गया। पुलिस ने हत्या की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के गांव जिरौली निवासी शहवाज ने बताया कि वह गांव कुमासपुर में सुमित के मकान में किराये पर रहते हैं। वह अपने भाई समीर के साथ रिलांयस कंपनी के वेयर हाउस में काम करते हैं। मंगलवार तड़के चार बजे वह अपने भाई समीर के साथ कमरे पर जा रहे थे।
जब वह कुमासपुर गांव में बैंक के पास पहुंचे तो एक युवक अपने घर से कार निकाल रहा था। युवक ने कार को गली में खड़ी कर पहले हवाई फायर किया फिर दूसरी गोली उनकी तरफ चला दी। गोली उनके हाथ में लगी। इससे वह जमीन पर गिर गए। आरोपी युवक कार लेकर भाग गया।
उन्हें राहगीरों ने नागरिक अस्पताल पहुंचाया मगर उनको वहां से महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल, खानपुर कलां रेफर कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गोली मारने के कारणों का पता लग सकेगा।