सोनीपत। आर्य नगर पत्थर वाली गली का पुनर्निर्माण होने की वजह से कई दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। गली दोबारा बनाने के लिए सड़क उखाड़ी गई तो पेयजल लाइन जर्जर मिली। इसके कारण गली में पानी की आपूर्ति ठप हो गई।
शिकायत मिलने पर नगर निगम के निवर्तमान मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और लाइन बदलने के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने और तत्काल टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
जैन ने सड़क निर्माण के कार्य का निरीक्षण करते हुए लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्हें दूर करने का आश्वासन दिया। कालोनी वासियों ने कहा कि लगभग 15 वर्षों के बाद गली का पुनर्निर्माण हो रहा है इसलिए काम गुणवत्ता से हो ताकि कोई समस्या दोबारा ना आए।
उन्होंने मांग की कि बरसाती पानी की निकासी के लिए डाली गई लाइन का कनेक्शन सीवर में करने के बजाय रोहतक रोड स्थित बड़ी लाइन में किया जाए। राजीव जैन ने कहा कि वह अधिकारियों से बात करके इस कार्य को करवाएंगे।
इसी तरह श्याम नगर में दूषित पानी सप्लाई होने की शिकायत मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा के साथ दौरा किया। दूषित पानी की आपूर्ति का स्रोत ढूंढने के लिए गली की खोदाई शुरू करवाई। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि दूषित पानी आने की समस्या को दूर किया जाए और सीवर के पानी की लाइन में हो रहे रिसाव को भी चेक किया जाए।