सोनीपत। होटल व गेस्ट हाउस में ठहराने वालों को आईडी प्रूफ तो जमा करना ही होगा साथ ही इसका विवरण पोर्टल पर भी तत्काल अपडेट करना होगा। इससे यदि कोई गलत पहचान पत्र देकर होटल में ठहर रहा है तो उसे ट्रेक किया जा सकेगा। इस संबंध में पुलिस ने होटल संचालकों को एडवाइजरी जारी की है कि वे कमरा बुक करने वालों को विवरण पोर्टल में अपडेट करें।
पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस, लॉज और सराय संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि उनके यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। यह कदम अपराध की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
पुलिस उपायुक्त क्राइम नरेंद्र कादयान ने बताया कि कुछ होटल और गेस्ट हाउस संचालक मेहमानों का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड नहीं कर रहे, जो नियमों का उल्लंघन है और इससे असामाजिक तत्वों को शरण मिलने की आशंका बनी रहती है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और उल्लंघन करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने होटल मालिकों और प्रबंधकों को पत्र जारी कर नियमों का पालन करते हुए सभी मेहमानों की आईडी और ठहराव संबंधी जानकारी पोर्टल पर समय से दर्ज करने के लिए कहा है। साथ ही होटल में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दी जाए। वहीं उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।