फोटो 20: सोनीपत के गांव बेगा के पास अधिकारियों को निर्देश देते उपायुक्त सुशील सारवान। स्रोत: सू
गन्नौर। उपायुक्त सुशील सारवान ने शनिवार को अधिकारियों के साथ लड़सौली, बेगा, गन्नौर, बड़ी तथा टेहा गांव का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में तेजी से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और निर्माण पर अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कॉलोनाइजरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ-साथ अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिना स्वीकृत नक्शे और अनुमोदन के किसी भी कॉलोनी में भूखंड न खरीदें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। अवैध कालोनियों में सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी या शिकायत के लिए लोग सेक्टर-15 स्थित एचएसवीपी काॅम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर जिला नगर योजनाकार कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रवेश कादियान, जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।