- केएमपी पर 257 पेटी शराब के साथ पकड़े गए टिंका को सार्वजनिक स्थान पर लगाने होंगे पांच पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। शराब तस्करी के आरोप में जेल में बंद आरोपी टिंका को अदालत ने जमानत दी। आरोपी को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपते हुए सार्वजनिक स्थान पर पांच पौधे लगाने होंगे। साथ ही दो साल तक उनकी देखभाल करनी होगी। पौधे लगाने से लेकर देखभाल की तस्वीरें अगली सुनवाई से पहले अदालत में पेश करनी होगी।
मामला थाना कुंडली में दर्ज आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 19 अक्तूबर को एसआई सुखबीर पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर केएमपी हाईवे पर बरोटा टोल के पास सुनील और टिंका को पकड़ा गया। तलाशी में रॉयल जनरल ब्रांड की 257 पेटियों में रखे 12,336 शराब के क्वार्टर (पव्वे) बरामद हुए थे। पुलिस का आरोप था कि शराब बिना परमिट और लाइसेंस के रखी गई थी।
19 अक्तूबर से जेल में बंद था आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पंजाब आबकारी अधिनियम की धारा 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पानीपत के गांव जौरासी खास निवासी टिंका ने नियमित जमानत के लिए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष चंद्र सरोई की अदालत में याचिका दायर की। आरोपी के अधिवक्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल को झूठा फंसाया गया है। बरामदगी के समय कोई स्वतंत्र सार्वजनिक गवाह शामिल नहीं किया गया। वह 19 अक्तूबर से जेल में है। सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि मामला गंभीर है और जांच अभी पूरी नहीं हुई है। पुलिस ने चालान भी पेश नहीं किया है।
अदालत ने कहा, बरामदगी हो चुकी, हिरासत जरूरी नहीं
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पाया कि मामले में कथित बरामदगी पहले ही की जा चुकी है। आरोपी अन्य आपराधिक मामले में भी संलिप्त नहीं है। अदालत ने उसकी नियमित जमानत मंजूर कर ली। अदालत ने आरोपी को एक लाख रुपये के जमानत बांड और इतनी ही राशि की जमानती पर रिहा करने का आदेश दिया। साथ ही निर्देश दिया कि वह सार्वजनिक स्थान पर स्थानीय प्रजातियों के पांच पौधे लगाए और दो साल तक उनकी देखभाल करे। अगली सुनवाई से पहले पौधे लगाने के प्रमाण के तौर पर उनकी तस्वीरें अदालत में जमा करवानी होंगी।