सोनीपत। गांव जुआं स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को मिड-डे मील नहीं मिलने के मामले में गठित कमेटी शुक्रवार को दूसरे दिन भी जांच में जुटी रही। उप जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र छिक्कारा के नेतृत्व में गठित कमेटी के सदस्यों ने छात्राओं, शिक्षकों व ग्रामीणों से विभिन्न पहलुओं को लेकर बातचीत की। हालांकि जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने को कहा था। शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अवकाश होने के चलते अब जांच रिपोर्ट मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपेंगे।
गांव जुआं स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 8वीं कक्षा तक की छात्राओं ने एक सप्ताह से मिड-डे मील न मिलने का आरोप लगाकर स्कूल गेट पर प्रदर्शन किया था। छात्राओं को प्रदर्शन करते देख ग्रामीण भी स्कूल में पहुंच गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस व शिक्षा अधिकारियों ने छात्राओं व ग्रामीणों को शांत करवाया था। वीरवार को जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने मामले की जांच करने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की थी। डीईओ के निर्देश पर कमेटी में शामिल अधिकारियों ने शुक्रवार को भी छात्राओं, शिक्षकों व ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले को जानने का प्रयास किया। जांच कमेटी ने प्राचार्य से भी विभिन्न आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा है।
प्राचार्य के तबादले की मांग
मामले को लेकर छात्राएं, कुछ शिक्षक व ग्रामीण स्कूल प्राचार्य के तबादले की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कोई कागज सत्यापित कराना है तो कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। जो विद्यार्थी इस स्कूल में पढ़े हुए हैं, उनके भी दस्तावेज सत्यापित नहीं किए जाते। शिक्षकों ने भी बिल पास न करने व कक्षा के बीच में बार-बार बुलाने के आरोप लगाए।
गांव जुआं स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को मिड-डे मील नहीं मिलने सहित अन्य शिकायतों की जांच को लेकर कमेटी गठित की है। कमेटी गंभीरता से अपना काम कर रही है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत