फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: इमरजेंसी में बदइंतजामी देख सिविल सर्जन नाराज, आसन जमा बोलीं ‘अभी ठीक करो व्यवस्था’

Sun, 07 Jun 2026 03:05 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में कुर्सी डालकर बैठी सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन।
विज्ञापन
सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में व्याप्त अव्यवस्थाओं से नाराज सिविल सर्जन ने मौके पर कुर्सी मंगा कर आसन जमा लिया और कहा कि व्यवस्था अभी ठीक करो। सिविल सर्जन को इमरजेंसी वार्ड में ऑक्सीजन ह्यूमिडिफायर और एक एसी खराब मिला। वहीं ड्रेस कोड में न मिलने पर सभी वार्ड ब्वॉय का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा और आपातकालीन सेवाओं में लापरवाही देखकर नाराज हो गईं। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने इमरजेंसी में मरीजों के बीच कुर्सी मंगवाई और वहीं बैठकर अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

करीब आधा घंटा मौके पर रही सिविल सर्जन ने सभी जगह निरीक्षण किया। उनके साथ उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा, डॉ. आदित्य और आरएमओ डॉ. मंजीत राठी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान वार्डों की छतों पर जाले लगे मिलने पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई।
डॉ. अनुराधा ने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता और साफ-सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेतावनी के बाद कर्मचारी तत्काल सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए।
विज्ञापन

इमरजेंसी में खराब मिलीं जीवन रक्षक सुविधाएं

वार्डों के निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन इमरजेंसी विभाग पहुंचीं थी जहां ऑक्सीजन का ह्यूमिडिफायर खराब मिला। साथ ही दो एसी में से एक एसी बंद पाया। उन्होंने सवाल किया कि यदि अचानक अधिक संख्या में गंभीर मरीज पहुंच गए और उन्हें ऑक्सीजन सहायता की आवश्यकता पड़ी तो अस्पताल कैसे प्रभावी सेवाएं देगा।

अस्पताल में जींस पहनकर आने की अनुमति नहीं, ड्रेस कोड न होने पर वेतन काटने के निर्देश
सिविल सर्जन ने इमरजेंसी में कार्यरत सभी वार्ड ब्वॉय को बुलाकर उनकी उपस्थिति और वेशभूषा की जांच की। अधिकांश कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में नहीं मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने सफाई कार्य और ड्यूटी परिवर्तन का हवाला दिया लेकिन सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार अस्पताल परिसर में किसी भी कर्मचारी या चिकित्सक को जींस पहनकर आने की अनुमति नहीं है। नियमों की अनदेखी पर उन्होंने सभी संबंधित वार्ड ब्वॉय का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।
जिम्मेदारी से काम करें कर्मचारी और चिकित्सक

सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर और समयबद्ध उपचार की उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों की सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में कुर्सी डालकर बैठी सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन।

फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में कुर्सी डालकर बैठी सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें