सोनीपत। त्योहारी सीजन में खरीदारी का उत्साह शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गया है। दीपावली नजदीक आते ही बाजारों में दो से ढाई गुना भीड़ उमड़ रही है। इससे शहर के मुख्य मार्गों से लेकर नेशनल हाईवे-44 तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने लगी है। सड़कें वाहनों से अटी हुई हैं। पैदल चलना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की कमी है। पार्किंग के अभाव में लोग अपने वाहन सड़के के किनारे खड़े कर देते हैं। इससे जाम की स्थिति और विकराल हो जाती है। निगम प्रशासन पार्किंग व्यवस्था सुधारने में नाकाम साबित हो रहा है। कई बार व्यापारी संगठनों ने इस मुद्दे को उठाया मगर अब तक ठोस समाधान नहीं निकल सका।
अतिक्रमण ने किया हालत और खराब
जहां शहर की सड़कें चौड़ी हैं वहां भी दुकानदारों के सड़क पर अतिक्रमण करके हालात को बिगाड़ दिया है। एटलस रोड, कच्चे क्वार्टर, गुड़ मंडी, पुराना रोहतक रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानदारों ने सड़क तक दुकानें फैला रखी हैं। इससे छोटे वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो दिवाली सीजन का कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा।
बैंकों और दुकानों के आगे दिनभर खड़े रहते हैं वाहन
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने की वजह से बैंकों और प्रमुख दुकानों के सामने वाहनों की कतार लगी रहती है। इससे आवाजाही बाधित होने के साथ आपात स्थिति में वाहन निकालना भी मुश्किल हो जाता है। शहरवासियों का कहना है कि भवन मालिकों को अपने प्रतिष्ठानों के साथ पार्किंग की जगह भी सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि सड़क पर जाम की नौबत न आए।
हर साल उठती है मांग, नहीं बनी मल्टी स्टोरी पार्किंग
सोनीपत में मल्टी स्टोरी पार्किंग की मांग वर्षों से उठ रही है लेकिन यह परियोजना अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। कपड़ा मार्केट के पास बनाई गई छोटी पार्किंग भी पर्याप्त जगह न होने और मुख्य बाजार से दूरी के कारण उपयोगी सिद्ध नहीं हो पाई।
फोटो :33: सोनीपत के गीता भवन चौक पर लगी वाहनों की कतार। संवाद