सोनीपत। पांडवकालीन शहर जाम के झाम में उलझा हुआ है। वाहन चालकों की सुविधा के लिए बाईपास तक नहीं है। नगर निगम की ओर से निर्मित किया जाना वाला मिनी बाईपास कागजाें तक सीमित है। 2.5 किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन चुनाव आचार संहिता की वजह से न तो टेंडर आवंटित हो सका और न ही धरातल में बाईपास निर्माण के लिए ईंट नहीं लग सकी। शहरवासी ऐसा मेयर चाहते हैं जो शहर के विकास कार्यों को सिरे चढ़ सके और मिनी बाईपास का निर्माण शुरू हो सके।
शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं है जहां पर लोग जाम में न फंसते हों। शहर में आए दिन वाहनों की संख्या बढ़ रही है। लोगों की सुविधा के लिए मार्च 2022 में नगर निगम की बजट को लेकर हुई बैठक के दौरान मिनी बाईपास बनाने की बात कही थी। लोगों को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए रोहतक रोड से ककरोई रोड तक पांच फुट चौड़े मिनी बाईपास का निर्माण किया जाना है। नगर निगम ने अगस्त 2024 में हुई वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में मिनी बाईपास के निर्माण को लेकर 4.01 करोड़ रुपये के बजट मंजूर किया था। फिलहाल बाईपास बनाने को टेंडर प्रक्रिया कागजों में उलझी हुई है। चुनाव आचार संहिता की वजह से टेंडर को आवंटित नहीं किया सका।
ऐसा होगा मिनी बाईपास का निर्माण
कालूपुर चुंगी के पास निहाल पब्लिक स्कूल (लहराड़ा) के पास से मिनी बाईपास का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 33 फुट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। वहीं, कालूपुर चुंगी से बैंयापुर खुर्द को वाया मोहन नगर के नजदीक रेलवे अंडरपास के तहत जोड़ा जाएगा। मिनी बाईपास में दोनों तरफ फुटपाथ और बीच में डिवाइडर तैयार किया जाएगा। मिनी बाईपास की पटरी कच्ची नहीं रहेगी, बल्कि इसे प्रबलित सीमेंट कंक्रीट (आरसीसी) डालकर पक्का किया जाएगा। मिनी बाईपास बनने के बाद सूरी पेट्रोल पंप वाली गली पर वाहनों का दबाव कम होगा और आमजन को जाम से निजात मिल सकेगी।
ककरोई रोड पर जाने के लिए लोगों को सूरी पेट्रोल पंप वाली गली से गुजरना पड़ता है। इस गली के दोनों तक आवासीय कॉलोनियां है। इससे यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
- मास्टर सतीश, कालूपुर।
बाईपास के निर्माण को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। लोगों को शहर में जाम में फंसकर सेक्टर-23 व गोहाना रोड की तरफ जाना पड़ रहा है।
- विजय कुमार, कालूपुर चुंगी।
मेयर ऐसा होना चाहिए जो मिनी बाईपास का निर्माण सिरे चढ़ा सके। मिनी बाईपास का प्रोजेक्ट नगर निगम के कागजों तक सीमित है। धरातल पर निर्माण शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।
- प्रदीप अत्री, लहराड़ा।
मिनी बाईपास का निर्माण होने से सेक्टर-23 से वाहन चालक सीधा रोहतक रोड और राठधना रोड की तरफ आ-जा सकेंगे। जिससे क्षेत्र के लोगों को भी फायदा हो सकेगा।
- राजू सिंहमार, लहराड़ा।