सोनीपत। दिवाली पर्व पर घर जाने के लिए रविवार को बस अड्डे व रेलवे स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ रही। सोनीपत से बड़ौत रूट पर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन गौरीपुर मोड़ तक ही किया गया इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बागपत जिला प्रशासन के आदेश जारी होने के बाद रोडवेज प्रशासन ने 21 अक्तूबर तक गौरीपुर मोड़ तक बस चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं, रेलवे ने सोमवार दोपहर बाद सोनीपत, गन्नौर व गोहाना रेलवे स्टेशन पर टिकट आरक्षण काउंटर बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
दिवाली पर्व पर बागपत जिले के गांव सरूरपुर स्थित गुफा वाले मंदिर में धार्मिक मेले का आयोजन किया गया है। बड़ौत रोड पर पड़ने वाले गांव सरूरपुर में 19 से 21 अक्तूबर तक लगने वाले मेले के लिए बागपत प्रशासन ने दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से रूट डायवर्ट किया गया है।
बागपत प्रशासन के आदेश जारी होने के बाद सोनीपत डिपो की बसों का संचालन बड़ौत के बजाय गौरीपुर मोड़ तक कर दिया गया है। ऐसे में बड़ौत जाने वाले यात्रियों को परेशानी होने लगी है। 21 अक्तूबर तक रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। वहीं अन्य रूटों पर भी जाने वाले यात्री बस अड्डे पर पहुंचे हुए थे।
50 फीसदी बसों का होगा संचालन
दिवाली पर्व के दौरान ग्रामीण रूट पर बस सेवाएं प्रभावित रहेंगी। ग्रामीण रूट से कम संख्या में यात्री निकलते हैं। ऐसे में रोडवेज प्रशासन ने प्लान बनाया है कि जिन रूटाें पर सवारियां मिलेगी उन पर बसों का संचालन किया जाएगा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आज दोपहर बाद टिकट बुकिंग नहीं होगी
रेलवे ने सोमवार दोपहर बाद टिकट आरक्षण केंद्र बंद रखने का आदेश जारी किया है। सोनीपत, गोहाना व गन्नौर रेलवे स्टेशनों पर टिकट आरक्षण केंद्र बंद रहेंगे। इन केंद्रों पर रोजाना 300 से ज्यादा लोग अपने टिकट आरक्षण कराने के लिए पहुंचते हैं।
21 अक्तूबर तक बड़ौत रूट पर जाने वाली बसों का संचालन गौरीपुर मोड़ तक किया जाएगा। वहीं, दिवाली के दिन 50 फीसदी बसें चलाई जाएंगी। जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या होगी उन पर बसों का संचालन किया जाएगा। -संजय कुमार, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज।
सोनीपत, गोहाना व गन्नौर रेलवे स्टेशनों पर सोमवार को सांयकालीन सत्र में टिकट आरक्षण काउंटर बंद रहेंगे। दिवाली पर्व के चलते इन काउंटरों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। -हिमांशु शेखर उपाध्यक्ष, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।