गांव जुआं में किशोरी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। परिजनों ने सुबह शव का गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की सूचना मोहाना थाना पुलिस को मिली। पुलिस के सामने किशोरी की मौत के कारणों को लेकर संशय जताया गया, जिस पर पुलिस ने शव को चिता से निकालकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
गांव जुआं की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी की रविवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस को बताया गया है कि किशोरी को लगातार उल्टियां आ रही थीं। परिजन उसे अस्पताल ले जाने लगे तो उसकी मौत हो गई। परिजन शव को घर ले गए। रिश्तेदारों के आने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शव का गांव के श्मशान घाट में ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बीच मोहाना थाना पुलिस को किसी ने सूचना दी और मौत को संदिग्ध बताया।
पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के अधजले शव को बाहर निकाला गया। पुलिस शव को लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंची है, जहां पर पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को खानपुर रेफर कर दिया, जहां शाम पोस्टमार्टम कराया जा सका।
अग्निशमन विभाग की टीम ने पानी डाल चिता की आग शांत की
पुलिस टीम गांव में पहुंची तो किशोरी की चिता में आग लगाई जा चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया। टीम ने चिता की आग पर पानी डालकर उसे शांत किया। शव के आग से बचे धड़ व सिर को कब्जे में लिया गया। अन्य अवशेष भी कब्जे में लिए गए।
फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद श्मशान घाट में फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस अब मौत के कारणों का पता लगाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विसरा रिपोर्ट में मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव में चर्चा का विषय बना रहा मामला
जब मामले का पता ग्रामीणों को लगा तो पूरे गांव में दिनभर मामले को लेकर चर्चा होती रही। हालांकि, ग्रामीणों का कहना था कि किशोरी के कुछ खाने व बाद में तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
गांव जुआं में किशोरी की मौत हो गई। बताया गया कि उसे कुछ खिलाया गया है। हालांकि, बयानों में सामने आया है कि उसने कुछ खा लिया। पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी मिली थी। चिता को शांत कर शव को कब्जे में लिया गया है। विसरा रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। मामले में गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई करेंगे।
- इंस्पेक्टर अरुण कुमार, थाना प्रभारी, मोहाना।