गांव खेड़ी मनाजात में दसवीं कक्षा के छात्र का शव फंदे पर लटका मिला है। युवक अपने पिता की मौत के बाद से परेशान रहता था। कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव खेड़ी मनाजात निवासी अरुण कुमार (17) दसवीं कक्षा का छात्र था। अरुण का शव शुक्रवार देर शाम गांव के बाहर जोहड़ किनारे पेड़ पर लटका मिला। अरुण की मां पूजा देवी ने बताया कि उसके पति खुशीराम की एक साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से उसका बेटा अरुण भी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। अब उसका शव फंदे पर लटका मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर बारोटा पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शनिवार को सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल 174 के तहत कार्रवाई की है। छात्र के आत्महत्या करने के मामले में जांच की जाएगी। अगर कोई अन्य कारण सामने आएगा तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।