फोटो 23: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शवों को लेकर पहुंची पुलिस व परिजन। संव
सोनीपत। गांव बढ़मलिक में किराए पर रहे युवक-युवती के शव उनके कमरों के अंदर संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटके मिले हैं। परिजनों ने उनके शव देखकर पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची राई थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों में नजदीकी संबंध थे। युवक की परिजनों ने सगाई तय कर दी थी। इसके बाद से वह नाखुश था।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के गांव बिहरपुर निवासी पंकज (21) अपने परिवार सहित गांव बढ़मलिक में ग्रामीण नरेंद्र के कमरे में किराए पर रहते थे। उनके पास ही दूसरे कमरे में उत्तर प्रदेश के सीतापुर की निशा (20) अपने परिजनों संग रहती थी। दोनों परिवार करीब तीन-चार साल से किराए पर रह रहे थे। वीरवार दोपहर को पंकज का शव उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला। कुछ देर बाद ही पता लगा कि निशा का शव भी उनके कमरे में फंदा पर लटका है। इस पर परिवार के सदस्यों ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद राई थाना प्रभारी कुलदीप सिंह व उनकी टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी चालक था पंकज, युवती करती थी फैक्टरी में नौकरी
पंकज के परिजन गोलू ने बताया कि उनका भाई गाड़ी चलाता था। निशा उनके पास ही दूसरे कमरे में परिवार सहित किराए पर रहती थी। दोनों में जान पहचान थी और नजदीकी संबंध थे। अब दोनों के शव फंदे पर लटके मिले हैं।
युवक की एक माह पहले हुई थी सगाई
परिजनों ने बताया कि पंकज की एक माह पहले ही सगाई कर दी थी। सगाई किए जाने के बाद से वह नाखुश था। उसकी हरदोई क्षेत्र की युवती से सगाई की गई थी। अब उसने फंदा लगाकर जान दी है।
-
युवक-युवती के शव उनके कमरों में फंदे पर लटके मिले हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों के बयान अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
- कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, राई