राई। बहालगढ़ में आभूषण की दुकान चलाने वाले स्वर्णकार की दुकान के बाहर बाइक सवार नकदी व सोना-चांदी से भरा बैग लेकर भाग गए। पीडि़त बैग रखकर लघुशंका के लिए गए थे। स्वर्णकार ने पहले लूट की शिकायत दी। पुलिस जांच में स्वर्णकार के शराब के नशे में होने का पता लगा तो पुलिस ने सुबह सीसीटीवी की जांच की। जिसमें बैग चोरी का पता लगा। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बहालगढ़ निवासी कप्तान ने पुलिस को बताया कि वह मीट मार्केट के पास श्री ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। वह शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे सोना-चांदी व नकदी लेकर बाहर निकले थे। उनके बैग में साढ़े तीन लाख व कच्चा सोना व चांदी थे। वह लघुशंका के लिए चले गए। वापस आए तो बाइक पर दो नकाबपोश आए तो उनका थैला छीनकर भागने लगे। उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने तमंचा दिखाकर मारने की धमकी दी। उसके बाद वह नकदी व सोना-चांदी लेकर भाग गए। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस के अनुसार स्वर्णकार रात को शराब के नशे में थे। जिसके चलते सुबह जांच की बात कही गई। पुलिस ने सुबह सीसीटीवी खंगाले तो पता लगा कि वह बाइक पर बैग रखकर लघुशंका के लिए दूर चले गए थे। इसी दौरान दो बाइक सवार उनका बैग चोरी कर भाग गए। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।