विधान सभा में गोहाना के पश्चिमी बाईपास का मुद्दा उठाते विधायक इंदुराज नरवाल। स्रोत : प्रवक्ता
गोहाना। नवंबर 2015 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा गोहाना पश्चिमी बाईपास बनाने की घोषणा की गई थी, जो लगभग 10 साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। यह गोहाना की जनता के साथ विश्वासघात है। यह बात विधानसभा बजट सत्र में विधायक इंदूराज नरवाल ने सरकार को घेरते हुए कही।
उन्होंने मुख्यमंत्री से लंबित घोषणा को जल्द पूरा करने की मांग की और सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद बहुत गरिमामय और जिम्मेदारी वाला पद होता है और जनता मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर भरोसा करती है। लेकिन हकीकत कोसों दूर है।
उन्होंने कहा कि घोषणाएं केवल चुनावी मंच तक सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि उन्हें समय पर जमीन पर उतारना चाहिए। विधायक ने सरकार से साफ पूछा कि बाईपास का काम कब तक पूरा होगा, लेकिन सरकार कोई ठोस जवाब नहीं दे पाई।
विधायक नरवाल ने कहा कि भूमि अधिग्रहण में उचित रेट न मिलने का बहाना ठीक नहीं है। जब सरकार 152-डी हाईवे और दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण कर सकती है तो गोहाना जैसे बड़े शहर के लिए बाईपास क्यों नहीं बन सकता।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी बाईपास बनने से शहर में जाम की समस्या कम होगी, व्यापार को फायदा होगा, सड़क हादसे कम होंगे और लोगों को भारी वाहनों से राहत मिलेगी। अभी भारी ट्रकों और वाहनों के कारण शहरवासियों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अंत में विधायक ने सरकार से मांग की कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्दी पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए और बाईपास निर्माण की स्पष्ट समय सीमा सार्वजनिक की जाए ताकि गोहाना की जनता को बार-बार आश्वासन नहीं बल्कि विकास का काम दिखाई दे।