सोनीपत/राई। चोरों ने आतंक मचाया। चोरों ने गुरुद्वारा रोड पर पांच दुकानों के ताले तोड़ दिए। हालांकि चोर चोरी नहीं कर सके। वहीं चोरों ने गांव गढ़मिकरपुर में एलईडी, इनवर्टर बैटरी समेत घर का सामान चोरी कर लिया। मुरथल में दुकान का ताला तोड़कर सामान ले गए। महलाना रोड स्थित दुकान से हजारों के मोबाइल फोन ले गए।
उद्योग व्यापार मंडल के जिला संयोजक एवं गुरुद्वारा रोड मार्केट के प्रधान विमल किशोर ने कहा कि चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पुलिस की टीम किसानों को रोकने बॉर्डर पर डटी और चोर लगातार वारदात कर रहे है। चोरों ने रात को गुरुद्वारा रोड मार्केट में नितिन इंटरप्राजेज, केशव बूट हाउस, माधव स्टेशनरी, शांत स्वीट हाउस व सत्यम एयर कंडीशनर की दुकान के ताले तोड़ दिए। हालांकि वहां चोरी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि पुलिस को इसे लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए। रात को गश्त बढ़ानी चाहिए।
वहीं गढ़मिरकपुर में चोर घर से सामान ले गए। वसीम ने पुलिस को बताया कि वह 15 फरवरी की शाम परिवार के साथ जाजल गांव में अपने भाई साबिर के घर गए थे। वापस आए तो ताला टूटा मिला। चोर उनके घर से इनवर्टर, बैटरी, एलईडी, गैस सिलिंडर व घर का काफी सामान ले गए।
वहीं दिल्ली के नरेला निवासी कमलेश देवी ने बताया कि उनकी मुरथल से ताजपुर रोड पर कृष्णा फर्नीचर हाउस के नाम से दुकान है। दुकान कई दिन से बंद थी। अब दुकान पर आए तो देखा कि चोर छत के रास्ते घुसकर पंखा, कूलर, बर्तन टोकरी, सिलिंडर, कंबल, गद्दे, बाक्स, इनवर्टर, दो बैटरी, मिक्सी, कूलर, पंखों की मोटर, आटा चक्की आदि चोरी कर ले गए। मुरथल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं गांव चटिया देवा के अजीत ने बताया कि उनकी महलाना रोड पर उनकी मोबाइल की दुकान है। चोर उनकी दुकान से हजारों के मोबाइल चोर कर ले गए।