सोनीपत। हरियाणा प्रदेश अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के आह्वान पर जिले की बड़ी मंडियों में वीरवार को आढ़ती हड़ताल पर रहे। इस कारण गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, गन्नौर मंडी में शुक्रवार से सरकारी राशन की दुकान चलाने वाले डिपो होल्डर गेहूं की खरीद शुरू कराएंगे। इसके लिए मार्केट कमेटी की ओर से छह डिपो होल्डरों को अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं।
आढ़तियों की हड़ताल के कारण सोनीपत, खरखौदा, गन्नौर व गोहाना अनाज मंडी में वीरवार को गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। इसके अलावा गन्नौर मंडी में खरीद शुरू कराने के लिए मार्केटी कमेटी की ओर से नया विकल्प ढूंढा है। ऐसे में डिपो होल्डरों के माध्यम से गन्नौर मार्केट कमेटी ने गेहूं की खरीद शुरू कराने का निर्णय लिया गया है। वीरवार को मार्केट कमेटी की ओर से छह डिपो होल्डरों को गेहूं की खरीद कराने के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं। दूसरी ओर वीरवार से बिचपड़ी, दातौली, पुगथला खरीद केंद्रों पर सीजन में पहली बार गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। खरीद एजेंसी की ओर से बिचपड़ी में 75 क्विंटल, दातौली में 650 क्विंटल व पुगथला खरीद केंद्र पर 100 क्विंटल से ज्यादा गेहूं की खरीद की गई। इसके अलावा मुरथल मंडी, नाहरा के अलावा बरोदा खरीद केंद्र में 1640 क्विंटल, मुंडलाना खरीद केंद्र पर 1357 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। सोनीपत मंडी में तीन दिन से गेहूं की खरीद नहीं होने से गेहूं के ढेर लगने शुरू हो गए हैं।
खरखौदा : किसानों का गेहूं नहीं उतरवाएंगे आढ़ती
शहर की अनाज मंडी में अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सदस्यों ने बैठक की। प्रधान नरेश दहिया ने कहा कि उन्होंने अनिश्चित समय के लिए हड़ताल पर जाने का फैसला कर लिया है। अब किसी किसान का गेहूं मंडी में नहीं उतरवाएंगे। सरकार अपने स्तर पर किसान के गेहूं को उतारने व अपने स्तर पर खरीद करने का प्रबंध करें। जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती है, तब तक वह न किसानों से गेहूं लेंगे और न आगे बेचेंगे। संवाद
गन्नौर अनाज मंडी में गेहूं खरीद नहीं की गई
गन्नौर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुरेश जैन ने कहा कि पेमेंट, मार्का और लिफ्टिंग का हिसाब मैनुअल किए जाने की मांग के लिए हरियाणा आढ़ती एसोसिएशन के आह्वान पर गन्नौर अनाज के आढ़तियों ने वीरवार को गेहूं की तौल व खरीद बंद रखी। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश स्तर पर हड़ताल रहेगी, तब तक वह गेहूं की खरीद नहीं करेंगे। संवाद
गन्नौर मंडी में गेहूं की खरीद शुरू कराने के लिए मार्केट कमेटी की ओर से डिपो होल्डरों को अस्थायी लाइसेंस जारी किए हैं। शुक्रवार से गन्नौर मंडी में गेहूं की दोबारा खरीद शुरू करा दी जाएगी। - आशा रानी, सचिव मार्केट कमेटी, गन्नौर
अनाज मंडी में आग से गेहूं के एक हजार से ज्यादा बोरे जले
अनाज मंडी में वीरवार को एक दुकान के बाहर रखे गेहूं के बोरों में अचानक आग लग गई। धुंआ उठता देख मंडी में काम कर रहे मजदूरों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इससे पहले ही गेहूं से भरे करीब एक हजार बोरे पूरी तरह जल चुके थे। जानकारी अनुसार नई अनाज मंडी ओम ट्रेडर्स के बाहर गेहूं से भरे करीब 3500 बोरे रखे थे। दोपहर के समय इनमें अचानक आग लग गई।