सोनीपत के नागरिक अस्पताल में गर्मी के बीच काउंटर पर दवा लेने के लिए लगी मरीजों की भीड़।
सोनीपत। जिला में गर्मी ने अपना भीषण रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान में बढ़ोतरी से लू के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगे हैं। दिन के समय लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इसका असर जनजीवन पर पड़ने लगा है। गर्मी के कारण किसानों पर भी आफत बढ़ गई है। गेहूं की कटाई के कारण उन्हें दिनभर खेतों में गर्मी के बीच काम करना पड़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलना मुश्किल है। प्रदेश के पश्चिमी व दक्षिणी भागों में 9 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी है। सोनीपत में सुबह से ही सूरज ने आग उगलनी शुरू कर दी थी। जिले का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी ने भी अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को भी मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 10 व 11 अप्रैल को प्रदेश में कहीं-कहीं गरजना के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। भीषण गर्मी से नवजात शिशु, बुजुर्ग व मरीज अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
लू से बचने के लिए क्या उपाय करें
त्वचा को झुलसने से बचाने के लिए हल्के व सूती पूरी बाजू के कपड़े का इस्तेमाल करें।
चेहरे व सिर को कपड़े से ढक कर ही बाहर निकले।
आंखों को तेज धूप से बचाने के लिए चश्मा पहनकर ही निकलें।
खाली पेट घर से बाहर न निकलें। समय-समय पर पानी पीते रहें।
ग्लूकोज व नींबू पानी का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो सके।
खाने में ताजा फल व सलाद का इस्तेमाल अधिक करें।