संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव पबनेरा में यमुना से अवैध खनन के आरोप में पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक से 2 लाख, 15 हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ दिया है। जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पबनेरा निवासी संदीप से प्राप्त जुर्माना राशि को सरकारी खजाने में जमा करवाई गई है। अनिल कुमार ने बताया कि अगर किसी नागरिक को अवैध खनन के बारे में जानकारी मिलती है तो वह इसकी सूचना खनन विभाग कार्यालय में दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा। सरकारी निर्देशानुसार अवैध खनन से जुड़ी हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई वाहन अवैध खनन करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए सहयोग देने का आह्वान किया। संवाद