फोटो : 34 : राई एजुकेशन सिटी में वायु प्रदूषण की स्थिति। संवाद
सोनीपत। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) वीरवार को 253 दर्ज किया गया। राहत की बात यह रही कि बुधवार की तुलना में यह कुछ बेहतर स्थिति में रहा। क्योंकि बुधवार को एक्यूआई 313 तक पहुंच गया था और पूरे देश में सबसे अधिक था।
इससे सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो रही थी। चिकित्सक लोगों को सलाह दे रहे हैं कि ऐसे मौसम में सुबह-शाम के समय बाहर निकलने से बचें और विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग तथा श्वसन संबंधी रोगों से पीड़ित व्यक्ति एहतियात बरतें।
जब तक प्रदूषण के स्थायी कारणों पर काबू नहीं पाया जाता, तब तक हवा में सुधार अस्थायी ही रहेगा। फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों का पालन करने की जरूरत है।
ग्रैप टू लागू, फिर भी हो रही अनदेखी
प्रशासन की ओर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप-2) पहले से लागू है, जिसके तहत निर्माण कार्यों पर नियंत्रण, सड़क किनारे पानी का छिड़काव और खुले में कूड़ा जलाने पर रोक जैसी कार्रवाइयां की जा रही हैं। फिर भी प्रदूषण में अपेक्षित सुधार नहीं आ रहा है। इसकी वजह प्रशासन की अनदेखी माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे हवा का दबाव बढ़ेगा और प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी आ सकती है।