सोनीपत। पुलिस ने पिस्तौल के दम पर गाड़ी, रुपये व मोबाइल लूटने के मामले में एक किशोर को अभिरक्षा में लिया है। किशोर न्यायालय में पेश करने के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
20 जून को राकेश निवासी गांव खानपुर खुर्द उर्फ बरोदा गढ़ी गढी हाल देवड़ू रोड सोनीपत ने थाना मोहाना में शिकायत दी कि वह अपने दोस्त यशपाल को गांव करेवडी छोड़ने के लिए गए थे, इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने ने उनका रास्ता रोका और ड्राइवर वाली खिड़की खोली और आरोपियों ने उनके ऊपर पिस्तौल तान दी।
आरोपियों ने उनकी होंडा सिटी कार लूट ली, इसके अलावा कार में 2 लाख 60 हजार रुपये पिछली सीट के कवर में और 26 हजार मेरे पर्स में रखे थे व तीन मोबाइल फोन भी बदमाश ले गए। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों आकाश निवासी ओल्ड बस स्टैंड रोहतक, अमित निवासी शिवनगर गोहाना, सौरभ निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी जिला हिसार व नसीब निवासी गांव जागसी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
अब अन्य आरोपियों की खोजबीन करते हुए एक अपचारी बालक को परिजनों की मौजूदगी में अभिरक्षा में लिया गया। अपचारी बालक को बाल न्यायालय में पेश कर न्यायालय के आदेशानुसार बाल सुधार गृह मधुबन भेजा गया है।