जिलास्तरीय विज्ञान प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में अव्वल रहने वाले विद्यार्थी अधिकारियों के साथ पु
- फोटो : Sonipat
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल अड्डा में नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विभाग द्वारा अक्षय ऊर्जा विषय पर जिलास्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा 9वीं-10वीं व 11वीं -12वीं के लिए आयोजित प्रतियोगिता में खंड स्तर पर जीतने वाली पहली तीन-तीन टीमों ने भाग लिया। इसमें एक वर्ग में राजकीय स्कूल सनपेड़ा व दूसरे वर्ग में मुरथल अड्डा स्कूल की टीमों ने बाजी मारी। प्रतियोगिता का समन्वय जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुरेंद्र सिंह ने किया।
प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में तीन-तीन विद्यार्थियों ने भाग लिया और प्रतिभा दिखाई। दोनों वर्गों में से प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों का चयन किया गया। स्क्रीनिंग राउंड के बाद प्रत्येक वर्ग में से पहली 6 टीमों को चुना गया। प्रतियोगिता में 7 राउंड रहे। पहले 6 राउंड में हर टीम से प्रत्येक राउंड में एक-एक प्रश्न किया गया। अंतिम राउंड रैपिड फायर का रहा। कक्षा 9-10 वर्ग में प्रथम स्थान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनपेड़ा एवं द्वितीय स्थान गीता विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल गोहाना ने प्राप्त किया। कक्षा 11-12 वर्ग में प्रथम स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल अड्डा एवं द्वितीय स्थान एसएम हिंदू स्कूल सोनीपत ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अतिरिक्त जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। जिला परियोजना समन्वयक नवीन गुलिया ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। अतिरिक्त उपायुक्त की तरफ से सभी प्रतिभागियों को बैग, एलईडी बल्ब, पुस्तकें भेंट की गईं। इस दौरान प्राचार्य शमशेर सिंह, रूचिका, प्रीति, अभिलाषा, शालिनी, नीलू, मीनाक्षी, प्रज्ञा भास्कर, पूनम, विरेंद्र पराशर, सुनील, सुरेंद्र महला, अलोक वर्मा मौजूद रहे।