खरखौदा। राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को सावित्रीबाई फुले राजकीय कन्या कॉलेज में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 28 से 30 अगस्त तक चलने वाले ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत करीब 50 छात्राओं ने भाग लिया। रस्साकशी में टीम ए विजयी रही।
इस वर्ष की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है। प्रतियोगिताओं के दौरान मैदान में बैडमिंटन के शाट गूंजे, वहीं रस्साकशी के रोमांचक मुकाबले में छात्राओं ने पूरी ताकत झोंक दी।
प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक विकास के लिए भी जरूरी हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना तथा हार-जीत को समान रूप से स्वीकार करने की क्षमता विकसित होती है।
शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष डॉ. दर्शना ने छात्राओं को खेलों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को मिलने वाले पुरस्कारों तथा कॉलेज में उपलब्ध खेल सुविधाओं के बारे में बताया और छात्राओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बैडमिंटन में सिंगल और डबल मुकाबले आयोजित किए गए। स्टाफ सदस्यों ने भी बैडमिंटन खेलकर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। रस्साकशी में टीम ए विजयी रही। प्रतियोगिताओं में सिमरन, रजनी, अंशिका, ज्योति, खुशी, पायल, स्नेहा, आरती, निशु, आशु, मंजू, हिमांशी, ईशा, मुस्कान, नीतू, रितिका, पूजा, तुलसी और प्रिया सहित अन्य छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. दर्शना, डॉ. प्रमिला, डॉ. सुमिता, डॉ. सुमन, राजबीर और डॉ. परीक्षित मौजूद रहे।