गोहाना। मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन, बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां के सदस्यों ने मई 2026 से रोके गए शैक्षणिक एवं विशेष भत्ते बहाल करने की मांग की है। मांग को लेकर एसोसिएशन ने आम सभा की बैठक की। इसके बाद संस्थान के निदेशक को पत्र सौंपा गया। भत्ते बहाल नहीं होने पर शिक्षकों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीन राणा, महासचिव डॉ. पुष्पेंद्र मलिक, संयुक्त सचिव डॉ. नवीन शर्मा और कोषाध्यक्ष डॉ. शालिनी शर्मा ने कहा कि दोनों भत्ते हरियाणा सरकार से स्वीकृत हैं।
सरकारी आदेशों के तहत वर्ष 2012 से संकाय सदस्यों को इनका भुगतान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि मई 2026 से कोषागार एवं लेखा विभाग ने बिना किसी शिकायत या संबंधित समस्या के दोनों भत्ते रोक दिए हैं। इससे प्रत्येक संकाय सदस्य को करीब 22,500 रुपये प्रति माह का आर्थिक नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 14 सितंबर से विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर काम किया जाएगा। 19 सितंबर तक उच्च अधिकारियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर 21 सितंबर से रोजाना सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक एक घंटे की कलम बंद हड़ताल की जाएगी। 25 सितंबर को स्थिति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।