भूगोल व सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका सुनीता ढुल को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। नई दिल्ली में 5 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुनीता को सम्मानित करेंगी।
मुरथल अड्डा स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भूगोल व सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका सुनीता ढुल उम्र 52 साल को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। नई दिल्ली में 5 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुनीता को सम्मानित करेंगी। इस साल हरियाणा से यह पुरस्कार प्राप्त करने वाली सुनीता एकमात्र शिक्षिका हैं।
विज्ञापन
सोनीपत के गोहाना रोड स्थित छोटूराम कॉलोनी की रहने वाली सुनीता ढुल को शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सराहनीय कार्य के लिए इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उन्होंने भूगोल विषय को खेल के साथ न सिर्फ रुचिकर बनाया बल्कि छात्रों में रचनात्मकता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियां करवाईं।
सुनीता अपने अनुभव से कई बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बना चुकी हैं। आज उनके पढ़ाए बच्चे एसडीएम, बीडीपीओ, प्राचार्य व प्राइवेट क्षेत्र में प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनमें हमेशा कुछ नया करने की इच्छा जागृत होती थी। उन्होंने शिक्षिका के रूप में नियुक्ति पाने के बाद विद्यार्थियों की समस्या को समझा। वह 29 वर्ष से शिक्षिका के रूप में बच्चों का मार्गदर्शन कर रही हैं।