गोहाना। पंजीकृत टीबी रोगियों को 1 नवंबर से एक हजार रुपये प्रति माह सहायता राशि मिलेगी। यह घोषणा सरकार ने की है। मौजूदा समय में टीबी रोगियों को 500 रुपये छह महीने तक दिए जा रहे हैं। गोहाना में 126 टीबी मरीज पोषण सहायता राशि रहे हैं।
नागरिक अस्पताल के टीबी रोग चिकित्सक डाॅ. संदीप शर्मा ने बताया कि टीबी रोगियों को एक सप्ताह की दवाइयां दी जा रही हैं। पहले चार-चार दिन की दवाई दी जा रही थी। दवा का समय पर स्टॉक उपलब्ध होने पर मरीजों को एक सप्ताह की दवाएं दी जा रही हैं। जिन मरीजों ने अभी तक बैंक पासबुक, आधार कार्ड, फैमिली आईडी, आभा आईडी जमा नहीं करवाई हैं उन्हें जल्द सभी दस्तावेज जमा कराने को कहा गया है, ताकि उन्हें नवंबर से एक हजार रुपये पोषण सहायता राशि मिल सके। डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि टीबी रोगियों को पोषण किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय छिक्कारा ने बताया कि टीबी रोगियों की मॉनिटरिंग से लेकर दवाओं की आपूर्ति में भी सुधार किया गया है। एक नवंबर से क्षय रोगियों को पोषण सहायता राशि के रूप में 500 की बजाय 1000 रुपये की राशि दी जाएगी।-डाॅ. संजय छिक्कारा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, गोहाना