सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही सामने आई है। वायरल वीडियो में एंबुलेंस में ऑक्सीजन न मिलने पर टीबी मरीज दो घंटे तक तड़पता रहा। जिस एंबुलेंस में मरीज को भेजा जाना था उसमें ऑक्सीजन सिलिंडर ही नहीं था।
गांव मुरथल के टीबी मरीज को उपचार के लिए परिजनों की ओर से जिला अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर किया गया। दो घंटे बाद आपातकालीन कक्ष से ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के बाद मरीज को खानपुर कलां ले जाया गया।
मरीज के साथ आए परिजन माया व हरिकिशन का आरोप है कि जिला अस्पताल में एंबुलेंस में अक्सर जरूरी उपकरणों की कमी रहती है। चिकित्सक व एंबुलेंस चालक से बात करने पर केवल एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालने का रवैया देखने के लिए मिला।
वायरल वीडियो ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में 29 एंबुलेंस हैं, जिनमें से 5 खराब हैं।
परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसी मरीज की जान खतरे में न पड़े।